बिहार में मौसम ने ली करवट, झमाझम बारिश से मिली राहत; कई जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट जारी
Bihar Weather Update: बिहार में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच आखिरकार मानसून ने राहत की फुहार बरसा दी है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। लगातार हो रही बारिश ने जहां लोगों को तपिश से राहत दिलाई है, वहीं किसानों के लिए भी यह बारिश किसी राहत की सौगात से कम नहीं मानी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में सामान्य से कहीं अधिक बारिश दर्ज की गई। हालात ऐसे रहे कि एक ही दिन में लगभग तीन दिनों के बराबर वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है और उमस से परेशान लोगों ने भी राहत की सांस ली है।
इधर, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 जुलाई के लिए भी बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक पटना, गया, गोपालगंज, नालंदा, लखीसराय, अरवल तथा पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
वहीं रोहतास, नवादा, भोजपुर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और खगड़िया जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
उधर, सीमांचल और उत्तर बिहार के मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जिलों में मौसम ज्यादा गंभीर रहने की संभावना है। इन इलाकों में भारी बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा सुपौल के कुछ हिस्सों में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
बारिश का सबसे बड़ा फायदा किसानों को मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसान अब धान की रोपनी तेज कर सकेंगे। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।







