Movie prime

बिहार में मौसम का कहर: झमाझम बारिश से बाढ़ जैसे हालात, कई जिलों पर मंडराया खतरा!

 
बिहार में मौसम का कहर: झमाझम बारिश से बाढ़ जैसे हालात, कई जिलों पर मंडराया खतरा!

Bihar weather Update: बिहार इस वक्त मौसम के कहर से जूझ रहा है। कई जिलों में लगातार बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वाल्मीकिनगर से लेकर वैशाली, बेगूसराय और खगड़िया तक झमाझम बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालत यह है कि कई इलाकों में पानी भरने से बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में यह स्थिति और भयावह हो सकती है, खासकर सीमांचल के जिलों को अलर्ट पर रखा गया है।

गुरुवार को फिर बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के ताज़ा अनुमान के अनुसार, गुरुवार को जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर और खगड़िया में मूसलाधार बारिश की संभावना है। उत्तर बिहार के लगभग सभी जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।


वहीं मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में झमाझम बारिश से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। भभुआ, पटना और लखीसराय जैसे जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।


आंधी और ठनका गिरने की संभावना को देखते हुए पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यह स्थिति अगले एक से दो दिन तक बनी रह सकती है। राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने 21 सितंबर से मौसम के साफ होने की उम्मीद जताई है।

मानसून क्यों हुआ सक्रिय?

दरअसल, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार में इस समय ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई तक फैला है। यही सिस्टम बिहार और आसपास के राज्यों में लगातार बारिश की वजह बन रहा है। इसके साथ ही उत्तरी झारखंड और पूर्वी यूपी में भी मौसमी दबाव बना हुआ है, जिसके कारण मानसून अपने प्रचंड रूप में दिख रहा है।

राजधानी पटना में राहत और अलर्ट दोनों

राजधानी पटना में बुधवार को बादल तो छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। इससे लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
बारिश के कारण पटना का अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटे में सीवान, नालंदा, रक्सौल, बेतिया, समस्तीपुर, शिवहर और गोपालगंज में भारी बारिश दर्ज की गई है। इन जिलों में जलजमाव ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।