बिहार में बदला मौसम का तेवर: आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं के संयुक्त असर से राज्य में मौसम अस्थिर बना हुआ है। इसके चलते अगले 3 से 4 दिनों तक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जगहों पर वज्रपात और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, खासकर 8 और 9 अप्रैल को मौसम का असर ज्यादा दिखेगा।
इन जिलों में दिखा असर
सोमवार को गया, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, जमुई, मुंगेर, बांका और शेखपुरा के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राजधानी पटना में भी दिनभर बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिली।
तापमान में गिरावट, लेकिन सतर्क रहें
पटना समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान में कमी आई है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी-तूफान और वज्रपात का खतरा बना रहेगा।
क्यों बदला मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से उठ रही नम हवाएं बिहार की ओर बढ़ रही हैं। साथ ही ओडिशा के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण ने मौसम को और अस्थिर कर दिया है।
आपको बता दें कि अगले कुछ दिन राहत और जोखिम दोनों लेकर आएंगे जहां एक ओर गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं आंधी-तूफान से सतर्क रहने की जरूरत है।







