Newshaat_Logo

बिहार में मौसम ने ली करवट, तेज आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी

 
बिहार में मौसम ने ली करवट, तेज आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी
Bihar weather update: बिहार में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद दिखाई दे रही है। मौसम ने अचानक करवट ली है और प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वातावरण में बदलाव देखा जा रहा है। इसी कारण प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई इलाकों में बादल छाने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर शुरू हो चुका है।

राजधानी पटना समेत कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। बीच-बीच में बारिश और बादलों की आवाजाही से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि कुछ क्षेत्रों में उमस बनी रह सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां अब तेजी पकड़ रही हैं। जून के पहले और दूसरे सप्ताह में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 12 से 18 जून के बीच बिहार पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।