Newshaat_Logo

बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, 13 जिलों में बारिश के आसार; सुबह कोहरे का अलर्ट

 
Mausam

बिहार में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को पटना समेत 13 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 22 नवंबर को उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के 12 जिलों में भी कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से सोमवार को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 से 19 नवंबर तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान अगले 4 से 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, अगले 72 घंटों तक सुबह के समय राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है।

मौसम केंद्र के वैज्ञानिक शंकर आनंद ने बताया कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 20 और 21 नवंबर को पटना, गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया के एक-दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

वहीं, 22 नवंबर को सुपौल, अररिया समेत उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के 12 जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है।

चक्रवाती तूफान का भी दिख सकता है असर

दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान भी मौसम को प्रभावित कर सकता है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 नवंबर की शाम तक इसके प्रचंड और 20 नवंबर की दोपहर तक अति प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप लेने तथा आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना है।

पटना में सुबह कोहरे का असर

राजधानी पटना में मंगलवार सुबह कोहरे का असर देखने को मिला। राज्य में सबसे कम 200 मीटर दृश्यता पटना में दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सुबह 8:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 91 प्रतिशत रही।