Newshaat_Logo

जब राजनीति से मिला भोजपुरी का ग्लैमर! अक्षरा सिंह ने की निशांत कुमार और नीतीश कुमार से मुलाकात, तेज हुई चर्चाएं

 
Akshara singh and nishant kumar

Bihar News: बिहार की सियासत और भोजपुरी इंडस्ट्री का दिलचस्प संगम शनिवार को उस वक्त देखने को मिला, जब भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने बिहार के नए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस खास मुलाकात की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

Akshara

अक्षरा सिंह ने बताया कि पटना पहुंचने के बाद वह सीधे नीतीश कुमार के आवास पहुंचीं, जहां उन्होंने निशांत कुमार को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। मुलाकात के दौरान बिहार की राजनीति, भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री और क्षेत्रीय भाषाओं के विकास जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई।

निशांत कुमार ने खुद शेयर की तस्वीरें

इस मुलाकात की जानकारी खुद निशांत कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की। उन्होंने लिखा कि बिहार की बेटी और भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह से सौजन्य मुलाकात हुई, जिसमें बिहार की तरक्की और बिहारी भाषाओं की फिल्मों को आगे बढ़ाने को लेकर सार्थक चर्चा की गई।

भोजपुरी इंडस्ट्री को चाहिए मजबूत सपोर्ट

सूत्रों के मुताबिक बातचीत में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की मौजूदा स्थिति और बिहार में बेहतर फिल्म निर्माण माहौल तैयार करने पर भी चर्चा हुई। अक्षरा सिंह ने कहा कि भोजपुरी सिनेमा अब सिर्फ बिहार और उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि देश-विदेश में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। हालांकि इंडस्ट्री को अभी भी बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी सहयोग की जरूरत है।

“भोजपुरी-मगही-मैथिली को राष्ट्रीय पहचान मिले”

निशांत कुमार ने भी बिहार की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बताते हुए कहा कि भोजपुरी, मगही और मैथिली जैसी भाषाओं को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती देने की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार क्षेत्रीय कला, संस्कृति और फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी।

राजनीतिक बयान ने भी बढ़ाई हलचल

मुलाकात के दौरान अक्षरा सिंह ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनने की शुभकामनाएं भी दीं। उनका यह बयान अब राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

अक्षरा सिंह ने कहा कि बिहार के युवाओं को नए स्वास्थ्य मंत्री से काफी उम्मीदें हैं और आने वाले दिनों में राज्य के स्वास्थ्य विभाग में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।