Newshaat_Logo

‘जहां जन्मे श्यामा प्रसाद मुखर्जी, वो बंगाल हमारा’- CM सम्राट का बयान, रुझानों में भाजपा 190+ सीटों पर आगे

 
‘जहां जन्मे श्यामा प्रसाद मुखर्जी, वो बंगाल हमारा’- CM सम्राट का बयान, रुझानों में भाजपा 190+ सीटों पर आगे
Bihar news: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों ने सियासी तस्वीर लगभग साफ कर दी है। भारतीय जनता पार्टी राज्य में बड़ी जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है। इस ऐतिहासिक बढ़त के साथ ही बिहार में भी जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है।

सम्राट चौधरी ने पार्टी की इस सफलता पर सोशल मीडिया के जरिए खास संदेश दिया। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए लिखा— “जहां पैदा हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी, वो बंगाल हमारा है। पश्चिम बंगाल की जागरूक और राष्ट्रनिष्ठ जनता का कोटि-कोटि अभिनंदन।”

दरअसल, जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म बंगाल में हुआ था, और भाजपा लंबे समय से उनके विचारों को इस राज्य में स्थापित करने की बात करती रही है। चुनाव प्रचार के दौरान नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने भी बार-बार बंगाल में भाजपा सरकार बनाने की अपील की थी।

चुनाव आयोग के ताजा रुझानों के मुताबिक, 294 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा 190 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि तृणमूल कांग्रेस करीब 90 सीटों पर आगे चल रही है। ऐसे में बंगाल में सत्ता परिवर्तन लगभग तय माना जा रहा है।

रुझानों ने यह संकेत दे दिया है कि बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव आने वाला है। भाजपा की इस संभावित ऐतिहासिक जीत को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है, वहीं सियासी गलियारों में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।