“काहे जा रही हो… यहीं रहो!”: जमुई में मंच से महिलाओं को रोकते दिखे CM नीतीश, बयान बना चर्चा का विषय
मंच से ही उन्होंने महिलाओं को रोकते हुए कहा- “काहे जा रही हो… यहीं रहो, सब तुम लोगों के लिए ही तो काम हो रहा है।” उनका यह अंदाज वहां मौजूद लोगों के लिए अचानक और अलग था, जिसने माहौल को कुछ पल के लिए हल्का भी कर दिया।
दरअसल, राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद सीएम अपनी समृद्धि यात्रा पर हैं और इसी कड़ी में वे जमुई पहुंचे थे। सभा में वे अपनी सरकार के कामकाज और उपलब्धियां गिना रहे थे। तभी कुछ महिलाएं उठकर जाने लगीं, जिस पर उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया दी और उन्हें वहीं रुकने की अपील की।
सीएम ने आगे कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाएं चलाई हैं और आगे भी उनके हित में काम जारी रहेगा। उन्होंने मंच से बार-बार महिलाओं से बैठकर उनकी बात सुनने का आग्रह किया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई इसे सीएम का सहज अंदाज बता रहा है, तो कोई इसे राजनीतिक संदेश के रूप में देख रहा है। जमुई की इस सभा में दिया गया यह बयान अब राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा में बना हुआ है।







