अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत!....बर्फीली हवाओं के कारण शीतलहर की चपेट में बिहार
बिहार में तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है जिससे राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतर इलाकों में अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार शनिवार से पटना समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओला गिरने की संभावना है। बर्फीली हवाओं के कारण बिहार शीतलहर की चपेट में है और मौसम विभाग ने 24 जनवरी के बाद ही इसमें राहत मिलने की उम्मीद जताई है।
पटना समेत राज्य के 10 जिलों में पारा सामान्य से काफी नीचे जा चुका है और इसी कारण यहां कोल्ड डे कंडीशन बना हुआ है। ठंड की वजह से प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 16.6 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 95 प्रतिशत आद्रता के साथ 17 किलमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चल रही है। पिछले एक सप्ताह से हर एक दिन हवा की गति बढ़ रही है।
बता दें कि मौसम विभाग के तरफ से 21 जनवरी को बिहार के 11 जिलों में आंशिक बारिश का अलर्ट है। इन जिलों में पश्चिमी चंपारण पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, आरा, अरवल, रोहतास, भभुआ और औरंगाबाद में हल्की बारिश होने की आशंका है। वहीं 22 और 23 को पटना समेत सूबे के ज्यादातर हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। इन सभी जिलों में ओला गिरने और गरज-तड़क के साथ बिजली गिरने का भी अलर्ट है। 24 को मध्य बिहार और पश्चिमी बिहार में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। 25 जनवरी से मौसम के साफ होने के आसार हैं। हालांकि, उसके बाद भी ठंड की स्थिति सूबे में बनी रहेगी।
बिहार: MLC चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर फंसता जा रहा है पेंच- https://newshaat.com/bihar-local-news/bihar-the-issue-of-seat-distribution-in-mlc-elections-is-ge/cid6282391.htm







