शिक्षक ट्रांसफर के लिए तीन से 8 नवंबर को खुलेगी विंडो, 30 तक आचार संहिता के कारण रोक
बिहार में शिक्षकों की ट्रांसफर पोस्टिंग की प्रक्रिया 3 से 8 नवंबर के बीच विंडो खुलने के साथ फिर शुरू होगी। विधान परिषद चुनाव के कारण 30 अक्टूबर तक आचार संहिता लागू रहने से फिलहाल ट्रांसफर-पोस्टिंग पर रोक लगी हुई है। छठ त्योहार खत्म होने के बाद तबादले और पदस्थापना की कार्रवाई तेज की जाएगी। इस दौरान 3.50 लाख शिक्षक ऐच्छिक ट्रांसफर के लिए आवेदन करेंगे।
शिक्षा विभाग राज्य के सभी 38 जिलों को 4 प्रमंडलीय क्लस्टरों में बांटकर निगरानी कर रहा है। पोर्टल पर लोड बढ़ने या सर्वर डाउन होने की समस्या से निपटने के लिए एनआईसी और तकनीकी वेंडरों ने सॉफ्टवेयर की लोड-टेस्टिंग पूरी कर ली है। बैक एंड पर कक्षा 1 से 12वीं तक स्वीकृत पद, कार्यरत बल और रिक्तियों की यू-डायस कोड के साथ मैपिंग की जा रही है। पटना, मगध और सारण प्रमंडल में महिला शिक्षिकाओं व शिक्षक दंपतियों के सबसे ज्यादा आवेदन लंबित हैं। पूर्णिया व कोसी प्रमंडल में गणित और विज्ञान शिक्षकों की भारी कमी है, जबकि तिरहुत व दरभंगा में सरप्लस शिक्षकों का पदस्थापन चुनौती बना है।







