Movie prime

14 साल बाद अचानक वापस लौट आई मृत महिला, पुलिस ने 3 बेगुनाहों को कातिल बताया, उम्र कैद के लिए सबूत भी जुटा लिए

 

बिहार में पुलिस का अंधा कानून है। एक महिला के मर्डर में पुलिस ने 3 निर्दोष लोगों को हत्यारा बना दिया। लंबी इंवेस्टिगेशन में तीनों के खिलाफ मर्डर के सबूत भी इकट्‌ठे कर लिए। चार्जशीट में तीनों को हत्यारा साबित करते हुए पुलिस ने कोर्ट में सजा की अपील भी कर दी। मर्डर के बाद लाश गायब करने की पुलिस की स्क्रिप्ट में तीनों आरोपियों की सजा तय मानी जा रही थी।

कहानी में नया मोड़ तब आया जब ट्रायल के दौरान महिला 14 साल बाद घर लौट आई। अब पुलिस की इंवेस्टिगेशन पर ही सवाल है। मर्डर की इस झूठी कहानी में इंस्पेक्टर से लेकर डीएसपी तक पैसे खाए, फिर भी निर्दोषों को सजा की फर्जी चार्जशीट तैयार कर दी।

दरअसल, यह कहानी किसी फिल्म की नहीं बल्कि पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड स्थित सरैया गोपाल की है। शिवहर के शिवचन्द्र राम ने 2001 में अपनी बेटी बबिता की शादी विजय राम के साथ धूमधाम से थी। साल 2010 में किसी के बहकावे में आकर लड़की घर से भाग गई और लड़की के परिवार वालों ने उसकी हत्या और लाश को गायब करने का मामला थाने में दर्ज कराया। 


पुलिस जांच के नाम पर लड़के वालों के पैसे पर कभी दिल्ली, नेपाल, हरियाणा घूमती रही। जब लड़के वालों के पास का पैसा खत्म हो गया तब पीड़ित रामप्रसाद राम और उनके बेटे पत्नी को जेल भेज दिया। पीड़ित ने बताया कि  पुलिस ने जांच के नाम पर पुलिस ने खूब पैसे वसूले। निर्दोषों के लिए पुलिस ने चार्जशीट तक तैयार कर दी। 6-7 महीने सजा काटने के बाद परिवार की आर्थिक मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना भी झेलनी पड़ी।

इसी बीच पीड़ित रामप्रसाद राम की विनती भगवान ने सुन ली और 14 साल बाद गायब महिला बबिता कुमारी   अपने ससुराल गांव वापस आई। पुलिस ने कोर्ट में महिला का बयान दर्ज करवाया और आखिरकार हत्या के तीन आरोपियों को न्याय मिला। जिस हत्या के मामले में रामप्रसाद राम जेल की सलाखों के पीछे गए थे आज महिला के वापस आने से बड़े जंजाल से मुक्त हो गए हैं।

महिला अब अपने ससुराल में रहना चाहती है लेकिन सब कुछ खत्म हो गया है क्योंकि ससुराल वाले अब उसे नहीं रखना चाहते हैं जिसने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। रामप्रसाद राम राशन की दुकान चलाते हैं। लड़की के मिल जाने के बाद पूरा परिवार चैन की सांस ले रहा है। बबीता के पति विजय राम ने भी अब दूसरी शादी कर ली है और पत्नी को रखने के लिए वह भी तैयार नहीं है। उनका कहना है कि बबीता ने घर से भाग कर बड़ा जुर्म किया है।