Newshaat_Logo

पटना में ‘पिंक बस’ की स्टीयरिंग संभालेंगी महिलाएं, सड़कों पर शुरू हुआ रियल ड्राइविंग ट्रेनिंग

 
पटना में ‘पिंक बस’ की स्टीयरिंग संभालेंगी महिलाएं, सड़कों पर शुरू हुआ रियल ड्राइविंग ट्रेनिंग
Bihar News: राजधानी पटना में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। जल्द ही शहर की सड़कों पर ‘पिंक बस’ महिलाओं द्वारा चलाई जाएंगी। इसके लिए महिला चालकों की ट्रेनिंग तेज कर दी गई है और अब वे सड़कों पर उतरकर असली बस चलाने का अभ्यास कर रही हैं।

सड़कों पर उतरी महिला ड्राइवरों की टीम

पहले चरण की ट्रेनिंग पूरी कर चुकी पांच महिला चालक आरती कुमारी, रागिनी कुमारी, सरस्वती कुमारी, गायत्री कुमारी और बेबी कुमारी इन दिनों बेली रोड रूट पर बस चलाने की प्रैक्टिस कर रही हैं। अनुभवी चालकों की निगरानी में ये महिलाएं पिछले तीन दिनों से हेवी मोटर व्हीकल बस की स्टीयरिंग संभाल रही हैं। आने वाले 15 दिनों तक इन्हें रियल ड्राइविंग ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसके बाद इनके कौशल का आकलन कर सफल उम्मीदवारों को पिंक बस चलाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

सशक्तिकरण की नई मिसाल

Bihar State Road Transport Corporation द्वारा महिलाओं के लिए 100 पिंक बसें चलाने की योजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य न सिर्फ सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना है, बल्कि महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना भी है।

औरंगाबाद में चल रही एडवांस ट्रेनिंग

इसके साथ ही 21 अन्य महिला चालकों को Institute of Driving and Traffic Research में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां उन्हें बस संचालन, ट्रैफिक नियम, इंजन की समझ, वाहन रखरखाव और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के तरीके सिखाए जा रहे हैं। सिमुलेटर के जरिए ड्राइविंग प्रैक्टिस के साथ-साथ उन्हें रियल-टाइम ट्रेनिंग भी दी जा रही है। अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ, तो जल्द ही पटना की सड़कों पर पिंक बसें दौड़ती नजर आएंगी और उनकी कमान पूरी तरह महिलाओं के हाथ में होगी।