Movie prime

गेहुअन सांप लपेटकर घूम रहा था युवक, डंसने से मौत, दो मिनट में 4-5 बार डंसा

 
मधुबनी में गुरुवार को गेहुअन सांप के काटने से एक युवक की मौत हो गई। वो सांप को गर्दन में लपेटकर घूम रहा था। इस दौरान सांप ने 4 से 5 बार डंस लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी और वह तड़पने लगा। ग्रामीण उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान इंदल यादव (35) के रूप में हुई है। वो जिले के बेनीपट्टी प्रखंड के सोहरौल गांव का रहने वाला था।
गांव के लोगों ने बताया कि 'युवक ने कुछ दिनों पहले एक धामन सांप को भी पकड़ा था और उसे गांव में लेकर घूम रहा था। तब भी धामन सांप ने डंसा था।
हालांकि धामन जहरीला नहीं होता है, जिसके कारण उसे कुछ नहीं हुआ। गुरुवार को उसने गेहुअन सांप पकड़ लिया और गांव में घूमने लगा।'
गुरुवार की सुबह इंदल ने सांप को पकड़ा। इस दौरान सांप ने पहले उसकी उंगली में डंसा। उसकी उंगली से खून निकल रहा था। इसके बावजूद उसने सांप को नहीं छोड़ा और गले में लपेटकर गांव में घूमने लगा। वो लोगों के दरवाजे पर जा-जाकर पैसे मांग रहा था।
बताया जा रहा है कि गांव में घूमने के दौरान वो सांप को होठों से चूम रहा था। इसी दौरान करीब दो मिनट में 4 से 5 बार सांप ने उसे डंस लिया। फिर वो सांप को लेकर अपने घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद इंदल की तबीयत बिगड़ी और वो घर के दरवाजे के बाहर सीढ़ी पर बैठ गया। दस मिनट बाद वो तड़पने लगा।