Newshaat_Logo

नशे से दूर रहकर युवा बनें विकसित भारत की ताकत: डॉ. प्रेम कुमार

 
नशे से दूर रहकर युवा बनें विकसित भारत की ताकत: डॉ. प्रेम कुमार

Bihar news: युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और उन्हें नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मानपुर के रसलपुर स्थित +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय में एकदिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय गया की ओर से ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार विधानसभा अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक डॉ. प्रेम कुमार, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. स्वेता कुमारी और विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार प्रवीण ने संयुक्त रूप से किया।

‘नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव’

मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश को विकसित और समृद्ध बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसके लिए युवाओं का नशे से दूर रहना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से खुद नशे से बचने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके नुकसान के प्रति जागरूक करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाया जाए तो यही शक्ति समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। डॉ. प्रेम कुमार ने केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की भी सराहना की।

तनाव से निपटने के लिए अपनाएं सकारात्मक तरीका

क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. स्वेता कुमारी ने नशे की लत से जुड़े मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने तनाव और मानसिक दबाव से निपटने के लिए सकारात्मक ‘कोपिंग मैकेनिज्म’ अपनाने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भानु कुमार झा ने कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के ‘मानस’ (MANAS) ऐप का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से नशामुक्ति से संबंधित जरूरी जानकारी और सहायता से जुड़ी सूचनाएं प्राप्त की जा सकती हैं।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिला सम्मान

जागरूकता अभियान के दौरान पहले आयोजित चित्रकला और लूडो प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 9 की आराध्या कुमारी, निशु कुमारी और श्वेता कुमारी को तथा लूडो प्रतियोगिता में गुंजा कुमारी और सुहानी कुमारी को मेडल, प्रशस्ति-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभाग के पंजीकृत कलाकारों ने नाटक के माध्यम से नशे की वजह से परिवारों पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक नुकसान के प्रति सोचने का संदेश दिया।

बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम का संचालन हर्ष सिन्हा ने किया, जबकि सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अरविंद कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार प्रवीण ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो का आभार जताते हुए कहा कि बच्चों को जागरूक करने के लिए स्कूल स्तर पर ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।

इस अवसर पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।