बिहार में ₹550 करोड़ का पुल फिर दरका, 44 दिनों के लिए बंद, यात्रा करने से पहले पढ़ लें ये खबर
गंडक नदी पर बने मंगलपुर-गोपालगंज पुल में एक बार फिर खराबी सामने आई है. पुल का 15वां पाया क्षतिग्रस्त हो गया है. इसके अलावा किनारे के हिस्सों में भी कई जगह दरारें दिखी हैं. इसके बाद दोनों जिलों के प्रशासन ने पुल पर गाड़ियों की आवाजाही रोक दी है.
बेतिया और गोपालगंज को जोड़ने वाले इस पुल पर 24 दिसंबर तक गाड़ियों के आने-जाने पर रोक रहेगी. दोनों जिलों के जिलाधिकारियों के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है.
पुल बंद होने से बेतिया से गोपालगंज जाने वाले लोगों को अब अरेराज होते हुए डुमरिया पुर के रास्ते जाना पड़ेगा. इससे उन्हें पहले के मुकाबले ज्यादा दूरी तय करनी होगी
इस रास्ते से रोज आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों और विद्यार्थियों को परेशानी होगी. मरीजों को भी गोपालगंज या बेतिया जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा. दूरी बढ़ने से लोगों का समय और यात्रा पर होने वाला खर्च भी बढ़ेगा. यह रास्ता करीब डेढ़ महीने तक बंद रहेगा.
करीब 550 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल का निर्माण 2015 में शुरू हुआ था. मार्च 2016 में इसका उद्घाटन किया गया था. लेकिन पुल बनने के बाद से ही इसमें तकनीकी खराबी सामने आती रही है. साल 2020 में भी पुल में दिक्कत मिली थी, जिसके बाद उसकी मरम्मत कराई गई थी. अब 2026 में दूसरी बार खराबी सामने आई है. इस तरह करीब 10 साल में पुल तीसरी बार क्षतिग्रस्त हुआ है.







