सुपौल में सनसनी: बांसबाड़ी में फंदे से लटकी मिली 18 वर्षीय छात्रा, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका की पहचान किसनपुर थाना क्षेत्र निवासी मनोज मंडल की पुत्री के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डेजी अपनी नानी के गांव रहठा एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी।
हल्दी-मेहंदी से लौटने के बाद हुई लापता
परिजनों के अनुसार, देर रात वह पड़ोस में आयोजित हल्दी-मेहंदी कार्यक्रम में शामिल हुई थी। रस्म के बाद हाथ धोने के लिए वह चापाकल की ओर गई, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि पास की बांसबाड़ी में एक युवती फंदे से लटकी हुई है।
जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुपट्टे के सहारे पेड़ से युवती का शव लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का गंभीर आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ युवकों ने गलत नीयत से युवती को उठाया, उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और बाद में हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस और FSL टीम जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार सुबह एफएसएल, साइबर थाना और डीआईयू की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
त्रिवेणीगंज के एसडीपीओ विभाष कुमार ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।
फिलहाल गांव में तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
रिपोर्ट: पियूष राज, सुपौल







