Newshaat_Logo

पटना सिटी में कबाड़ी दुकान में भीषण आग, पास का मैरिज हॉल भी झुलसा- 10 दमकल गाड़ियों ने घंटों बाद पाया काबू

 
Bihar news

Patna city news: पटना सिटी के गायघाट इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बजरंग पुरी के पास स्थित एक कबाड़ी दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बगल में मौजूद एक मैरिज हॉल भी इसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते ऊपरी मंजिल और वहां रखा जनरेटर जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

Patna city

आग लगने के बाद इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

फायर ब्रिगेड अधिकारी गयानंद सिंह ने बताया कि सूचना के करीब 10 मिनट के भीतर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। आग की गंभीरता को देखते हुए 10 बड़ी दमकल गाड़ियों के साथ छोटी यूनिट भी लगाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों में आग पर काबू पाया जा सका।

Patna city

कबाड़ी दुकान के मालिक पिंटू ने बताया कि उन्हें सुबह आग लगने की खबर मिली। दुकान में रखे टायर और अन्य कबाड़ का सामान पूरी तरह जल गया। उनके अनुसार शुरुआती अनुमान में करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। आसपास के इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी बढ़ा दी गई है।