Movie prime

शराब की लत और घरेलू कलह ने उजाड़ा परिवार, जुड़वा बच्चों के पिता ने फांसी लगाकर दी जान

 
शराब की लत और घरेलू कलह ने उजाड़ा परिवार, जुड़वा बच्चों के पिता ने फांसी लगाकर दी जान

Bihar Crime News: जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एरौड़ा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब की लत और पारिवारिक तनाव ने एक युवा की जान ले ली। 24 वर्षीय अनिल मांझी ने रविवार की रात अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, अनिल लंबे समय से शराब का आदी था। नशे की हालत में वह अक्सर घर लौटता और पत्नी, मां व बहन के साथ मारपीट करता था। उसकी पत्नी समुद्री देवी ने बताया कि अनिल उस पर बेवजह शक करता था और घर में रोज़ झगड़े होते थे। हालात इतने बिगड़ चुके थे कि उनके जुड़वा बेटे प्रेम और प्रिंस के जन्म के बाद भी अनिल का व्यवहार नहीं बदला। बच्चों के प्रति उसका लगाव लगभग शून्य था।

रविवार की रात भी अनिल नशे में धुत होकर घर पहुंचा। छत पर पत्नी और बच्चों से विवाद के बाद उसने गुस्से में पत्नी को भगा दिया और नीचे कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। जब खिड़की से झांककर देखा गया तो अनिल गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

अनिल की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। वह छह बहनों के बीच इकलौता भाई था। पिता गांव में ही विकास मित्र के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की मौत के बाद मां जोना देवी और पत्नी समुद्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। यह घटना एक बार फिर शराब की लत और घरेलू हिंसा के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करती है।