जहानाबाद में ATM जालसाजों का कहर—कार्ड फंसाकर उड़ा लिए ₹4.82 लाख, पुलिस ने बनाई स्पेशल टीम
कार्ड फंसा, फिर शुरू हुआ ठगी का खेल
पीड़ित कन्हाई चौधरी के पुत्र कमलेश कुमार अंबेडकर चौक स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान उनका कार्ड मशीन में फंस गया। मौके पर मौजूद एक युवक ने “मदद” के नाम पर एक मोबाइल नंबर दिया और कॉल करने को कहा।
फोन करने पर खुद को मददगार बताने वाले शख्स ने भरोसा दिलाया कि इंजीनियर भेजकर कार्ड निकलवा देगा, लेकिन कुछ ही देर में सारा खेल सामने आ गया- न कोई इंजीनियर आया, न कार्ड मिला, और फोन भी स्विच ऑफ हो गया।
खाते से उड़ी लाखों की रकम
इस बीच घर से सूचना मिली कि खाते से ₹4.82 लाख की निकासी हो चुकी है। ठगी का एहसास होते ही पीड़ित परिवार ने साइबर थाना और फिर एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अलर्ट, जांच तेज
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि एटीएम की जांच की जा रही है और बैंक अधिकारियों को भी तलब किया गया है। साइबर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई है, जो आरोपियों की तलाश में जुटी है। शुरुआती जांच में कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है, जो राज्य से बाहर बताए जा रहे हैं।
पहले भी हो चुकी है वारदात
गौर करने वाली बात यह है कि इसी एटीएम से कुछ दिन पहले भी एक और व्यक्ति ठगी का शिकार हुआ था, लेकिन अब तक अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
लगातार बढ़ती ऐसी घटनाएं यह साफ संकेत दे रही हैं कि एटीएम का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बेहद जरूरी है, वरना एक छोटी सी चूक भारी नुकसान में बदल सकती है।







