Movie prime

मोतिहारी में साइबर आरोपी पकड़ने गई पुलिस पर हमला: दो दारोगा समेत छह जवान घायल, एक दर्जन गिरफ्तार

 
मोतिहारी में साइबर आरोपी पकड़ने गई पुलिस पर हमला: दो दारोगा समेत छह जवान घायल, एक दर्जन गिरफ्तार
Motihari News: हरसिद्धि थाना क्षेत्र के दुदही गांव में साइबर फ्रॉड के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में दो दारोगा सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सीएचसी हरसिद्धि में कराया गया है।

आरोपी के समर्थन में जुटी भीड़, फिर हिंसा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, टीम जैसे ही गांव में दबिश देने पहुंची, कुछ लोग आरोपी के समर्थन में इकट्ठा हो गए। विरोध बढ़ते-बढ़ते हिंसक झड़प में बदल गया और पुलिस पर पथराव व मारपीट की गई। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।

ताबड़तोड़ छापेमारी, महिलाएं भी गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने दुदही गांव में छापेमारी कर करीब एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। प्राथमिकी में दो दर्जन से अधिक लोगों को नामजद किया गया है, जबकि करीब पांच दर्जन अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस का दावा है कि सरपंच की पत्नी पर भी हमला करवाने का आरोप है और उन्हें हिरासत में लिया गया है।

जांच तेज, सख्त कार्रवाई के संकेत

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस पर हमले के आरोप में सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुई इस घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट:  प्रशांत कुमार मोतिहारी