Banka Crime News: बांका में जेठोर नदी से मजदूर का शव बरामद, सात दिनों से था लापता
Banka Crime News: बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जेठोर नदी से एक युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में मृतक की पहचान शिकानपुर गांव निवासी 35 वर्षीय क्रांति यादव के रूप में हुई, जो पेशे से मजदूर था।
परिजनों के अनुसार, क्रांति यादव पिछले सात दिनों से लापता था। घरवालों ने उसकी तलाश आसपास के गांवों और संभावित जगहों पर की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह नदी में मछली पकड़ने गए स्थानीय मछुआरों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद परिवार को भी खबर दी गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
क्रांति यादव चार भाइयों में सबसे बड़ा था और मजदूरी कर पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन छोटे भाई-रोहित यादव, नंदन यादव और अमरेश यादवहैं। वह अपने पीछे पत्नी केली देवी, मां उर्मिला देवी और दो नाबालिग बेटों को छोड़ गया है। बड़ा बेटा अंकित यादव (12 वर्ष) और छोटा बेटा बादल यादव (10 वर्ष) है। पिता का शव देखते ही दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए
घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थाना के दरोगा विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर बांका सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला डूबने या अन्य कारणों से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
गांव में शोक का माहौल
ग्रामीणों ने बताया कि क्रांति यादव शांत स्वभाव का व्यक्ति था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाता था। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
रिपोर्टर: दीपक कुमार, बांका







