खान सर पर बड़ा आरोप: ‘भीड़ पर फायर करो, जो होगा मैं देख लूंगा’, पुलिस दस्तावेज में सनसनीखेज दावा
पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, 4 जून को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो की जांच के दौरान पुलिस टीम खान ग्लोबल स्टडीज पहुंची। स्थानीय लोगों ने वीडियो में दिखाई दे रहे हथियारबंद व्यक्तियों की पहचान खान सर के निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने खान सर से पूछताछ की, जिन्होंने बताया कि दोनों सुरक्षाकर्मी निजी सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से नियुक्त किए गए हैं।
कुछ देर बाद दोनों गार्ड हथियारों के साथ संस्थान पहुंचे, जहां वीडियो और तस्वीरों से उनका मिलान किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों सुरक्षा गार्डों ने स्वीकार किया कि 2 जून की रात कोचिंग संस्थान के बाहर हंगामा और मारपीट की घटना हुई थी। उनका आरोप है कि उसी दौरान खान सर और उनके कुछ सहयोगियों ने उन्हें भीड़ पर गोली चलाने के लिए कहा था।
पुलिस दस्तावेज के मुताबिक, दोनों गार्डों ने दावा किया कि खान सर के कथित निर्देश के बाद उन्होंने अपनी-अपनी राइफल से दो-दो राउंड फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने दोनों हथियार जब्त कर लिए और दोनों सुरक्षा कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिससे आम लोगों में भय और दहशत का माहौल बना। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों गार्डों के साथ-साथ खान सर और उनके अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की सिफारिश की।
वहीं, खान सर पहले ही सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि घटना के दौरान उनके सुरक्षाकर्मियों ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की थी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। अब इस बहुचर्चित मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।







