Big Breaking: गया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ‘लंगड़ा ऑपरेशन’ के तहत दो कुख्यात अपराधी ढेर नहीं, गोली लगने से घायल
पुलिस को अपराधियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद विशेष टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।
घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गुरुआ थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यवसायी से 45 लाख रुपये की लूट की गई थी। विरोध करने पर अपराधियों ने व्यवसायी को गोली मार दी थी, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। इस घटना के बाद पुलिस पर अपराधियों की गिरफ्तारी का भारी दबाव था।
पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से लूटकांड के मुख्य आरोपियों तक पहुंचने में बड़ी सफलता मिली है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।







