Big Breaking : गया में गुरपा पर्वत पर गिरी आकाशीय बिजली, एक श्रद्धालु की मौत
Gaya News: बिहार के गया जिले के फतेहपुर प्रखंड के प्रसिद्ध गुरपा पर्वत पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। पर्वत पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मियों समेत करीब 20 लोग झुलस गए। अचानक हुए वज्रपात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल श्रद्धालुओं को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जाता है कि शनिवार को गुरपा पर्वत पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान मौसम में अचानक बदलाव हुआ और तेज गर्जना के साथ पर्वत क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में कई श्रद्धालु और वहां सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी आ गए। हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग झुलस गए। इनमें दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
वज्रपात की घटना के बाद पर्वत पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच चीख-पुकार मच गई। लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण घायलों को नीचे लाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गयाजी भेजे जाने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी सक्रिय हुए। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित नीचे उतारा गया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद गुरपा पर्वत पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गुरपा पर्वत धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां समय-समय पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के लिए पहुंचते हैं। शनिवार को भी श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच अचानक हुए वज्रपात ने सभी को सकते में डाल दिया।
प्रशासन की ओर से घटना के बाद स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घायलों की स्थिति और मृतक की पहचान से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।







