Newshaat_Logo

‘आवाज दो’ अभियान में बड़ा खुलासा: सारण में आर्केस्ट्रा की आड़ में हो रहा था शोषण, 20 नाबालिग लड़कियां मुक्त, 11 गिरफ्तार

 
‘आवाज दो’ अभियान में बड़ा खुलासा: सारण में आर्केस्ट्रा की आड़ में हो रहा था शोषण, 20 नाबालिग लड़कियां मुक्त, 11 गिरफ्तार
Bihar news: सारण जिले में पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्केस्ट्रा संचालकों के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। “आवाज दो” अभियान के तहत एएचटीयू, महिला थाना और कई थानों की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 20 नाबालिग और पीड़ित लड़कियों को मुक्त कराया है। इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

छपरा से सामने आई इस कार्रवाई ने जिले में संचालित अवैध आर्केस्ट्रा कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नेपाल समेत कई राज्यों की लड़कियां मिलीं

पुलिस के अनुसार मुक्त कराई गई लड़कियों में नेपाल की 8 लड़कियां भी शामिल हैं। इसके अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, असम, बिहार और मध्य प्रदेश की पीड़ित लड़कियां भी बरामद की गई हैं।

पुलिस का कहना है कि इन लड़कियों से जबरन आर्केस्ट्रा में नृत्य कराया जा रहा था और उन्हें प्रताड़ित भी किया जाता था।

सुबह-सुबह कई इलाकों में हुई रेड

वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सहाजितपुर, गौरा, जलालपुर, मढ़ौरा और बनियापुर थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर एक साथ छापेमारी की।

इस अभियान का नेतृत्व एएचटीयू प्रभारी विशाल आनंद और महिला थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने किया। टीम में एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन संस्था के सदस्य भी शामिल थे।

तीन साल में 397 लड़कियां कराई गईं मुक्त

पुलिस के मुताबिक मई 2023 से अब तक चलाए गए विशेष अभियान में कुल 397 लड़कियों को मुक्त कराया जा चुका है, जबकि 136 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

सिर्फ पिछले तीन दिनों में ही 50 नाबालिग और पीड़ित लड़कियों को रेस्क्यू कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज

इस मामले में महिला थाना में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों पर बीएनएस, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, बंधुआ मजदूर अधिनियम और अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (ITPA) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने कहा है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।