Bihar News: वैशाली में बड़ा ड्रग्स नेटवर्क पकड़ा गया, नेपाल से आ रही अफीम-हेरोइन की खेप के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस को जिला आसूचना इकाई से गुप्त सूचना मिली थी कि नशीले पदार्थ की तस्करी होने वाली है। इसके बाद सराय थाना पुलिस और डीआईयू की संयुक्त टीम ने हाजीपुर–मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर अख्तियारपुर पटेढा टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर एक झारखंड नंबर की हुंडई वेन्यू कार को रोका।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो अंदर छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ बरामद हुए। गियर बॉक्स के पास काले पॉलिथीन में अफीम और गाड़ी के पीछे बने बॉक्स से हल्के भूरे रंग का पाउडर मिला, जिसे पूछताछ में हेरोइन बताया गया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में करीब 1 किलो 4 ग्राम अफीम और 158 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है। जांच में सामने आया कि तस्कर नेपाल के पोखरा इलाके से यह माल लेकर मुजफ्फरपुर–हाजीपुर होते हुए झारखंड ले जा रहे थे, जहां इसे छोटे स्तर पर बेचने की योजना थी।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान झारखंड के चतरा और पलामू जिले के रहने वाले अनिल कुमार गुप्ता, ललन कुमार और सरवन कुमार के रूप में हुई है। सराय थाना में प्रेस वार्ता के दौरान सदर-2 एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।







