Newshaat_Logo

NH-31 पर खूनी झड़प! अनंत सिंह समर्थक पर गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप, पंडारक में बढ़ी पुलिस चौकसी

 
NH-31 पर खूनी झड़प! अनंत सिंह समर्थक पर गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप, पंडारक में बढ़ी पुलिस चौकसी
Bihar news: बाढ़ अनुमंडल के पंडारक बाजार स्थित NH-31 पर सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थक बताए जा रहे सुबीर सिंह के साथ कथित मारपीट और गला दबाकर हत्या की कोशिश का मामला सामने आया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

गंभीर हालत में पटना रेफर

स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ लोगों ने सुबीर सिंह को घेरकर मारपीट की और उनका गला दबाने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत कुमार अस्पताल पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस का कहना है कि अब तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि चुनाव के दौरान सुबीर कुमार पर वाहन तोड़फोड़ से जुड़ा एक मामला दर्ज था। फिलहाल सभी पहलुओं आपसी रंजिश, राजनीतिक पृष्ठभूमि और पुरानी दुश्मनी को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

राजनीतिक रंजिश का आरोप

घायल के भाई अमित कुमार ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में वे लोग अनंत सिंह के समर्थन में सक्रिय थे और उसी रंजिश में यह हमला किया गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी राजनीतिक एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थकों में आक्रोश देखा जा रहा है। स्थिति को देखते हुए इलाके में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और NH-31 पर निगरानी कड़ी कर दी गई है।

अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि यह हमला आपसी विवाद का नतीजा था या इसके पीछे कोई बड़ा कारण छिपा है।