Movie prime

बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी! ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने तुरंत बुलाई बैठक, पूरे विधानसभा परिसर की जांच के निर्देश
 
बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी! ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
Bihar news: बिहार की राजनीति के केंद्र बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया। विधानसभा सचिवालय को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें विस्फोट की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया।

घटना की जानकारी मिलते ही विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। बैठक में पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा की गई और सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अध्यक्ष ने विधानसभा की प्रभारी सचिव ख्याति सिंह को निर्देश दिया कि इस मामले की जानकारी तुरंत राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को दी जाए, ताकि विधानसभा परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल जांच कराई जा सके।

सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे परिसर की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह वास्तविक खतरा है या महज अफवाह फैलाने की कोशिश।