Movie prime

कटिहार में शराब विनष्टिकरण के दौरान नाबालिगों से उठवाई गई पेटियां! रोशना थाना का वीडियो वायरल, पुलिस पर उठे सवाल

थाना परिसर में जब्त शराब उतारने में बच्चों से कराया गया काम, सोशल मीडिया पर वीडियो आने के बाद जांच की मांग तेज
 
कटिहार में शराब विनष्टिकरण के दौरान नाबालिगों से उठवाई गई पेटियां! रोशना थाना का वीडियो वायरल, पुलिस पर उठे सवाल

Bihar News: बिहार के कटिहार जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रोशना पुलिस स्टेशन कटिहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर नाबालिग बच्चों से शराब की पेटियां उतरवाते हुए देखा जा रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कटिहार

शराब विनष्टिकरण के दौरान कराया गया काम

बताया जा रहा है कि यह मामला प्राणपुर कटिहार प्रखंड के रोशना थाना परिसर का है। यहां पुलिस द्वारा जब्त की गई शराब को नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान थाना परिसर में खड़ी एक पिकअप गाड़ी से शराब की पेटियां उतारी जा रही थीं।

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बाहरी मजदूरों के साथ-साथ कुछ छोटे-छोटे बच्चों से भी पेटियां उतरवाने का काम कराया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह सब थाना प्रभारी मासूम कुमारी की मौजूदगी में हो रहा था।

लोगों में नाराजगी, जांच की मांग

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि नाबालिग बच्चों से इस तरह का काम कराना न केवल अनुचित है, बल्कि यह बाल श्रम कानून का भी उल्लंघन हो सकता है।

सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद अब लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस का बयान अभी बाकी

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि वायरल वीडियो की जांच के बाद प्रशासन क्या कार्रवाई करता है। यह घटना एक बार फिर सरकारी व्यवस्था और जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर रही है। 

रिपोर्टर: अरशद, कटिहार