Movie prime

सुपौल में घूसखोर सर्वे अमीन रंगे हाथ गिरफ्तार, 20 हजार की रिश्वत लेते निगरानी टीम ने दबोचा

 
सुपौल में घूसखोर सर्वे अमीन रंगे हाथ गिरफ्तार, 20 हजार की रिश्वत लेते निगरानी टीम ने दबोचा
Supaul News: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सर्वे अमीन को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला मरौना अंचल क्षेत्र से जुड़ा है, जहां सर्वे विभाग में तैनात कर्मी पर अवैध वसूली का आरोप था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिक्रम कुमार राम के रूप में हुई है, जो मरौना अंचल में सर्वे अमीन के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि उसने मरौना निवासी जय नारायण यादव से सर्वे कार्य कराने के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की थी।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

पीड़ित जय नारायण यादव ने इस मामले की शिकायत निगरानी विभाग से की। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के तहत निर्मली वार्ड नंबर-1 स्थित एक किराए के मकान में निगरानी टीम ने छापेमारी की और आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया।

आगे की कार्रवाई जारी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। निगरानी विभाग की टीम आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

निगरानी विभाग की इस त्वरित कार्रवाई को आम लोगों ने सराहा है और उम्मीद जताई है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्ती जारी रहेगी।

रिपोर्ट: पियूष राज, सुपौल