पटना में सड़क हादसे के बाद बवाल, बस समेत कई वाहनों में आग; हाईवे पर घंटों जाम
Patna News: राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित जीरो माइल के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने बस में आग लगा दी, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे हिंसक हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को भी भीड़ ने आगे बढ़ने नहीं दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस वाहनों, बसों और मोटरसाइकिलों समेत करीब दस वाहनों को आग के हवाले कर दिया। ट्रैफिक पुलिस पोस्ट को भी क्षति पहुंचाई गई और राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर जाम लगा दिया गया। घटना के दौरान कुछ पत्रकारों के साथ मारपीट की भी सूचना है।
स्थिति पर नियंत्रण के लिए आसपास के 9 थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस हालात सामान्य करने और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय मनीष के रूप में हुई है। वह पटना में फ्लेक्स बनाने का काम करता था और प्रतिदिन अपने गांव से शहर आकर काम करता था। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े मनीष शुक्रवार सुबह भी रोज की तरह करीब सात बजे काम के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी जान ले ली।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।







