Movie prime

PMCH में फिर बवाल: मरीज की मौत पर डॉक्टर–परिजन भिड़े, OPD बंद

 
PMCH में फिर बवाल: मरीज की मौत पर डॉक्टर–परिजन भिड़े, OPD बंद

Bihar News: राजधानी पटना स्थित पीएमसीएच में बुधवार सुबह फिर एक बार अफरातफरी मच गई, जब एक मरीज की मौत के बाद डॉक्टरों और परिजनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। हंगामे के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने ओपीडी सेवाएं तत्काल बंद कर दीं, जिससे सैकड़ों मरीज इलाज के लिए भटकते रह गए।

मरीज की मौत के बाद बवाल: डॉक्टर पर अभद्र व्यवहार और धक्का देने का आरोप

सुल्तानगंज महेंद्रू निवासी मृतक के बेटे अमन सिंह ने बताया कि उनके पिता को तीन दिन पहले ब्रेन हेमरेज की स्थिति में पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। बुधवार को तबीयत बिगड़ने पर जब ईसीजी हुआ, तो उनकी बहन ने डॉक्टर से आग्रह किया कि मरीज को दोबारा देख लें, क्योंकि शरीर अभी भी गर्म था।

परिजनों का आरोप है कि इस अनुरोध पर डॉक्टर ने न सिर्फ उनकी बहन को “बेवकूफ” कहा, बल्कि धक्का भी दिया। इसी बात पर बहस बढ़ी और देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया।

अमन सिंह का दावा: “आईफोन छीन लिया, एक लाख रुपये गिर गए”

अमन सिंह ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनका आईफोन छीन लिया गया, और हाथापाई में उनके एक लाख रुपये भी नीचे गिर गए। घटनास्थल पर हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, जिसने परिजनों को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस में शिकायत दर्ज, मेडिकल कराया गया

पीड़ित परिवार ने पीरबहोर थाना स्थित पीएमसीएच टॉप में लिखित शिकायत दी है। परिजनों का मेडिकल पटना के अरविंद हॉस्पिटल में कराया गया।
पीरबहोर थानेदार सज्जाद गद्दी ने बताया कि मामला पीएमसीएच इमरजेंसी वार्ड में मारपीट से जुड़ा है और शिकायत की जांच शुरू कर दी गई है।

ओपीडी बंद, दूसरे मरीज परेशान

झड़प के बाद पीएमसीएच के डॉक्टरों ने ओपीडी सेवाएं बंद कर दीं। इससे इलाज कराने पहुंचे अन्य मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अस्पताल में सुबह भर अफरा-तफरी और लंबी कतारों का माहौल बना रहा।