भारत-नेपाल सीमा पर खाद तस्करों और एसएसबी के बीच झड़प, जवानों ने की 5 राउंड फायरिंग, चार घायल

भारत-नेपाल सीमा पर मोतिहारी जिले के अगरवा और रेगानिया गांव के बीच शुक्रवार की सुबह करीब 4 बजे बड़ी झड़प हो गई। भारी संख्या (300 से अधिक) में आए खाद तस्करों और सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों के बीच तनावपूर्ण टकराव हुआ। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि जवानों को आत्मरक्षा में 5 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। तस्करों ने जवानों पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया, जिसमें SSB के चार जवान घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
कमांडेंट का बयान:
वहीं इस घटना को लेकर कमांडेंट का ने बताया कि इस घटना की सूचना मिलते ही SSB के कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार मौके पर पहुंच गए थे। जिसके बाद उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले को संभाला।
आपको बता दें कि 300 से अधिक तस्करों की भीड़ अचानक जवानों पर टूट पड़ी। इनमें से अधिकतर नेपाली नागरिक थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। जवानों ने संयम बरतते हुए पहले चेतावनी दी, फिर आत्मरक्षा में फायरिंग करनी पड़ी। अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर नेपाल की ओर भाग निकले।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई:
झड़प के बाद जवानों ने चार साइकिलों पर लदे 16 बोरी यूरिया खाद जब्त की है। SSB अधिकारियों ने स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खाद की दुकानों पर सवाल:
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सीमा से सटे रेगानिया गांव में 9 लाइसेंसी खाद दुकानें हैं, जो तस्करी को बढ़ावा देने का बड़ा कारण बन रही हैं। क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में यूरिया की तस्करी नेपाल की ओर की जाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि एक छोटे से गांव में इतनी बड़ी संख्या में खाद दुकानें देना कृषि विभाग की बड़ी चूक मानी जा रही है। घटना के बाद सीमा पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।