Newshaat_Logo

जमुई में दर्दनाक सड़क हादसा: कोचिंग जा रही 10वीं की छात्रा को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

 
जमुई में दर्दनाक सड़क हादसा: कोचिंग जा रही 10वीं की छात्रा को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत
Crime News: जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10वीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। पंचमंदिर के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने छात्रा को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

मृतक छात्रा की पहचान बरियारपुर गांव निवासी मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुस्कान सुबह अपने घर से कोचिंग जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान पंचमंदिर के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद ट्रक छात्रा को करीब 15 फीट तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हादसे से गुस्साए लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। इसी आक्रोश में कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। खैरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।