Movie prime

बांका पुलिस लाइन में खाना बना आफत! फूड प्वाइजनिंग से 100 से ज्यादा जवान बीमार, अस्पताल में मची अफरा-तफरी

दोपहर का भोजन करने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत; डीएम और एसपी पहुंचे अस्पताल, सल्फास मिलने की आशंका पर जांच शुरू
 
बांका पुलिस लाइन में खाना बना आफत! फूड प्वाइजनिंग से 100 से ज्यादा जवान बीमार, अस्पताल में मची अफरा-तफरी

Banka News: बिहार के बांका जिले के पुलिस लाइन में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दोपहर का भोजन करने के बाद 100 से अधिक पुलिस जवान अचानक बीमार पड़ गए। जवानों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए बांका सदर हॉस्पिटल ले जाया गया।

Banka

एक साथ बड़ी संख्या में जवानों के बीमार होने से अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया और सभी जवानों की हालत पर नजर रखी जा रही है।

भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक पुलिस लाइन में दोपहर के भोजन में जवानों को फ्राई राइस और चना का छोला दिया गया था। खाना खाने के कुछ ही देर बाद कई जवानों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। धीरे-धीरे बीमार पड़ने वाले जवानों की संख्या बढ़ती चली गई।

डीएम और एसपी ने लिया हाल

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला और पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा तुरंत अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने बीमार जवानों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की स्थिति की जानकारी ली।

Banka

सल्फास मिलने की आशंका, जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चना में सल्फास की टिकिया होने की वजह से फूड प्वाइजनिंग की घटना हुई हो सकती है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि भोजन में संदिग्ध पदार्थ कैसे पहुंचा। अधिकारियों ने कहा है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।