सुबह-सुबह खून से लाल हुआ आंगन: झाड़ू लगा रही महिला की गोली मारकर हत्या, परिवार पर ही लगे आरोप
बताया जा रहा है कि मीरा देवी सुबह अपने दरवाजे पर झाड़ू लगा रही थीं, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए।
घर के ही लोगों पर हत्या का आरोप
इस मामले ने उस वक्त और भी सनसनी फैला दी, जब हत्या का आरोप मृतका के ही भैंसुर श्लोक यादव और उनके बेटे भूषण यादव पर लगा। शुरुआती जांच में इस जघन्य हत्या के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि परिवार के बीच पहले भी विवाद और जानलेवा हमला हो चुका है।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में तनाव
घटना की सूचना मिलते ही अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
एएसपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
ग्रामीणों में आक्रोश, दहशत का माहौल
सुबह-सुबह हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद मेऊरा गांव में डर और गुस्से का माहौल है। परिजन और ग्रामीण पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट: कृष्णदेव/ बाढ़







