Movie prime

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला युवक गिरफ्तार, साइबर थाना सारण की त्वरित कार्रवाई

 
Bihar news

Bihar news: सारण जिले की साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने इंस्टाग्राम पर ऐसा वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था।

साइबर थाना द्वारा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान यह वीडियो सामने आया। पुलिस के अनुसार, इस तरह की पोस्ट से समाज में तनाव फैलने, आपसी सौहार्द बिगड़ने और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने की आशंका थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना सारण में कांड संख्या 19/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर टीम ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गजेंद्र कुमार गुलशन उर्फ गजेंद्र पांडे, पिता विनय कुमार पांडे, निवासी सलखुआ गांव, थाना अमनौर, जिला सारण के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में साइबर थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोटर: छपरा, पंकज श्रीवास्तव