Movie prime

Danapur news: दानापुर के पेठिया बाजार में भीषण आग, 8 से 10 दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान

 
दानापुर के पेठिया बाजार में भीषण आग, 8 से 10 दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान

Danapur news: दानापुर के पेठिया बाजार में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में 8 से 10 झोपड़ी जैसी दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में कई दुकानें उसकी चपेट में आ गईं। बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदार अपनी जान बचाकर बाहर भागते नजर आए।

आग लगते ही आसपास के लोग और दुकानदार खुद आग बुझाने में जुट गए, लेकिन लपटें बहुत तेज होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकानों में रखा सारा सामान जल चुका था। शुरुआती अनुमान के अनुसार इस आग में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

फिलहाल आग लगने की सही वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही बिहार सरकार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदारों से मिलकर हालात का जायजा लिया और सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को बड़ा नुकसान हुआ है और प्रशासन से सहायता के लिए कहा गया है।

दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज ने बताया कि काली मंदिर के पास स्थित पेठिया बाजार में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर ब्रिगेड ने समय पर पहुंचकर आग को फैलने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि आग पूरी तरह शांत होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और दुकानदारों में भारी चिंता देखी जा रही है।
 

रिपोटर: रणजीत कुमार, दानापुर