दरभंगा ज्वेलरी लूट कांड: ‘अपराध छोड़ो या बिहार छोड़ो’- संजय सरावगी का सख्त संदेश, पीड़ित से मिलकर दिया भरोसा
प्रेम ज्वेलर्स के मालिक से मुलाकात के बाद सरावगी ने कहा कि पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए बेगूसराय से 6 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। उन्होंने दावा किया कि लूटे गए जेवरात और करीब 2 करोड़ रुपये की नकदी जल्द बरामद कर ली जाएगी।
इस दौरान उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं है। “या तो अपराध छोड़ दें, या बिहार छोड़ दें”- सरकार का यही साफ संदेश है। उन्होंने यह भी बताया कि इस केस में पुलिस द्वारा एनकाउंटर जैसी कड़ी कार्रवाई भी की गई है, जिससे साफ है कि अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू है।
वहीं पीड़ित व्यवसायी मनोज कुमार ठाकुर ने सरकार और पुलिस पर भरोसा जताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि घटना के बाद व्यापारियों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग करते हुए कहा कि अगर सुरक्षा बेहतर होती, तो इतनी बड़ी वारदात टल सकती थी।
फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल लूट कांड ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस पर जल्द से जल्द पूरे मामले का खुलासा करने का दबाव भी बढ़ गया है।
रिपोटर: तुलसी झा, दरभंगा







