हाजीपुर में रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर 1 करोड़ रुपए के साथ गिरफ्तार, CBI ने ऑफिस से पाँच लोगों को उठाया
Hajipur: हाजीपुर से बड़ी खबर सामने आई है। रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में तैनात डिप्टी चीफ इंजीनियर को सीबीआई की टीम ने एक करोड़ रुपए नकद के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई आज दोपहर की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई को लंबे समय से इंजीनियर पर अवैध वसूली और भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर टीम ने उनके दफ्तर पर छापेमारी की, जहां से 1 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद अधिकारी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
सीबीआई टीम ने डिप्टी चीफ इंजीनियर के ऑफिस से 5 अन्य कर्मचारियों को भी अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई है। माना जा रहा है कि यह सभी व्यक्ति कथित तौर पर इंजीनियर से जुड़े लेन-देन और फाइलिंग सिस्टम को संभालते थे।
फिलहाल सीबीआई की टीम दफ्तर में दस्तावेजों की जांच कर रही है और पैसों के स्रोत एवं संभावित लेन-देन के तार खंगाले जा रहे हैं। आने वाले समय में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्टर: अभिषेक कुमार







