बढ़ते अपराध पर बोले आरसीपी सिंह- संसाधन उपलब्ध कराने के बावजूद पुलिस फिसड्डी, पहले जो खौफ था अब वह नहीं
पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह सोमवार को मोतिहारी पहुंचे। मोतिहारी में आरसीपी सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी बात की और बिहार में गिरते कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने बिहार पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार की सरकार बनी थी तो 2005 से 10 के बीच अपराधियों में पुलिस का खौफ था। अपराधियों को स्पीडी ट्रायल कर सजा दिलाई गई थी।
अभी के समय में राज्य की सरकार ने राज्य की पुलिस को कई सारी सुविधाएं भी दी है फिर भी अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ कम होते जा रहा है और अपराध की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। पुलिस को सजगता से काम करना चाहिए और अपराध समेत अपराधियों पर नकेल कसना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में अपराध बेकाबू हो जाए वहां विकास और कानून का राज्य स्थापित नहीं हो सकता है।
वहीं सम्राट चौधरी पगड़ी उतारने के सवाल पर आरसीपी ने कहा कि राजनीति संभावनाओं का खेल होता है। एक समय था जब सम्राट चौधरी ने अपनी बात रखी थी। समय बदला और राजनीति में बदलाव हुआ। राजनीति में कोई परमानेंट दुश्मन नहीं होता है। सम्राट चौधरी जब नीतीश कुमार को बोल रहे थे, उस समय दोनों अलग थे और अब परिस्थित ऐसी बनी की दोनों अब एक साथ हैं।