Movie prime

मरे हुए मुर्गे लेकर थाने पहुंचा दिव्यांग युवक, बोला – जहर देकर मार डाले मेरे पालतू पक्षी

 
 Bihar news
Bihar news: बिहार के कटिहार जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दिव्यांग युवक अपने मरे हुए मुर्गे और मुर्गियों को लेकर सीधे थाने पहुंच गया और न्याय की गुहार लगाई। यह मामला आजमनगर थाना क्षेत्र के शिष्या कदमगाछी गांव का है।

पीड़ित का नाम मोहम्मद जुबेर है, जो दोनों पैरों से दिव्यांग है। उसने थाना में दिए आवेदन में बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाली अरशदी खातून, गजला खातून और जमानत खातून ने साजिश के तहत उसके मुर्गे और मुर्गियों को जहरीला दाना खिला दिया। दाना खाने के बाद उसके पांच मुर्गे और मुर्गियां तड़पकर मर गए।

विरोध करने पर की गई मारपीट

मोहम्मद जुबेर का कहना है कि जब उसने इस हरकत का विरोध किया और सवाल उठाया, तो आरोपित महिलाएं और उनके पति एकजुट होकर उस पर हमला करने लगे। दिव्यांग होने के बावजूद उसके साथ लात-घूंसे से बेरहमी से मारपीट की गई।

इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई।

मरे हुए मुर्गे लेकर पहुंचा थाना

घटना के बाद पीड़ित मरे हुए मुर्गे-मुर्गियों को साथ लेकर आजमनगर थाना पहुंचा और लिखित शिकायत दी। उसने दोषियों पर कार्रवाई करने और अपनी तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

आजमनगर थाना पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक गरीब और दिव्यांग व्यक्ति को अपने मरे हुए मुर्गों के साथ इंसाफ की गुहार लगानी पड़ी।