बारात में जा रहा डीजे वाहन 55 आरडी पुल पर पलटा, चालक समेत 4 घायल; एक घंटे तक ठप रहा यातायात
मिली जानकारी के अनुसार पारस पकड़ी से जगदीशपुर जा रही बारात के साथ सुजीत रॉक डीजे का वाहन भी जा रहा था। जैसे ही वाहन 55 आरडी पुल के पास पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन चालक, एक डीजे ऑपरेटर और दो नर्तकियां घायल हो गईं।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए कम्युनिटी हेल्थ सेंटर मझौलिया में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक अंदर फंस गया था, जिसे पुलिस ने गाड़ी का आगे का शीशा तोड़कर बाहर निकाला।
हादसे के कारण करीब एक घंटे तक पुल पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने जेसीबी बुलाकर पलटे वाहन को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि वाहन का स्टेयरिंग फेल होने से यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोटर: आशीष कुमार, बेतिया







