बिहार में डबल मर्डर, लिव-इन में रह रहे कपल की गोली मारकर हत्या
Bihar news: रोहतास। बिहार के रोहतास में डबल मर्डर की घटना सामने आयी है. घटना जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा गांव की है. रविवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर एक महिला समेत दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी. इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. दोनों कई सालों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. घटना की रात भी दोनों साथ में ही थे, इसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया. सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन कर रही है.
युवक अविवाहित था और पिछले कई वर्षों से महिला के साथ रह रहा था. महिला के बच्चे भी उनके साथ ही रहते थे. देर रात अचानक गोली चलने की आवाज के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया है. इसके अलावा वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जुटाने लगी हुई है. मृतक महिला के बेटे ने बताया कि घटना के बाद उसने एक अपराधी को मौके से भागते हुए देखा था. हालांकि रात का अंधेरा अधिक होने के कारण वह अपराधी की पहचान नहीं कर सका. बेटे के बयान के आधार पर पुलिस घटना के क्रम और अपराधियों की पहचान को लेकर जानकारी जुटा रही है. मृतक महिला का बेटा ने कहा कि "घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. गोली चलने के बाद जब परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई, तब तक अपराधी वहां से फरार हो चुके थे."
दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही रोहतास के एसपी मिस्टर राजभी घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया. वहीं पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली. एसपी के निर्देश पर पुलिस की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी है. एसपी मिस्टर राज ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है. पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. फिलहाल SIT का गठन किया गया है. हत्या की वास्तविक वजह क्या है और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. FSL की टीम भी बुलाई गई है जल्द ही कांड का उद्भेदन कर लिया जाएगा.
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. इधर, दो लोगों की एक साथ हत्या की घटना के बाद बेदा और आसपास के इलाके में लोगों के बीच भय का माहौल है.







