दशहरा पर अपराधियों का तांडव: युवक की गोली मारकर हत्या, दूसरा गंभीर हालत में पटना रेफर
Saharsa: सारण जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दशहरा के दिन अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए जलालपुर चौक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया जिसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान भेल्दी थाना क्षेत्र के खरीदाहा गांव निवासी विनोद पांडे के 30 वर्षीय बेटे राहुल पांडे के रूप में हुई है। वहीं घायल किशोर 17 वर्षीय सूरज पांडे, जो स्थानीय निवासी सुधांशु पांडे का पुत्र है, अभी गंभीर हालत में इलाजरत है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल अपने भाई की कार लेकर कहीं जा रहा था। तभी जलालपुर चौक पर घात लगाए अपराधियों ने उसे निशाना बनाया। अपराधियों ने राहुल के ललाट पर सीधी गोली मारी, जो सिर को भेदते हुए निकल गई। इसी दौरान सूरज पांडे भी गोली की चपेट में आ गया और उसके सीने में गोली लग गई।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से राहुल को छपरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूरज को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। भगवान बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी सुभाष कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि घटना में एक युवक की मौत हुई है और दूसरा गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है।
फिलहाल गोलीकांड के कारण इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
छपरा से पंकज श्रीवास्तव की रिपोर्ट







