राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता मुखिया के घर ईडी का छापा, गांव में चर्चाओं का बाज़ार गर्म
Mujaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई से सियासी और ग्रामीण हलकों में खलबली मच गई। सकरा प्रखंड के बिशनपुर वघनगरी मॉडल पंचायत की मुखिया बबीता देवी के आवास पर ईडी की टीम ने तड़के करीब 6 बजे छापेमारी शुरू की।
टीम के साथ मौजूद अधिकारी घर में रखे दस्तावेज, बैंक खातों, प्रॉपर्टी डीड और अन्य वित्तीय लेन-देन के कागजात की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
अवैध शराब तस्करी से जुड़ा मामला
सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी अवैध शराब तस्करी से अर्जित कथित काले धन के मामले में की जा रही है। मुखिया के पति बबलू मिश्रा और उनके भाई पर पहले से ही शराब तस्करी के कई केस दर्ज हैं। दिलचस्प बात यह है कि बबीता देवी को राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
20 सदस्यीय टीम वारंट लेकर पहुंची
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी की करीब 20 सदस्यीय टीम वारंट लेकर पहुंची थी और सुबह से ही घर के अंदर तलाशी में जुटी हुई है। अभी तक इस छापेमारी में क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इस कार्रवाई की खबर गांव में तेजी से फैल गई है। लोग घरों और चौपालों पर इसी चर्चा में जुटे हैं कि ईडी की टीम को आखिर क्या मिला होगा।







