Newshaat_Logo

नालंदा में संपत्ति विवाद की आशंका पर बुज़ुर्ग महिला की हत्या, शव नदी से बरामद

 
नालंदा में संपत्ति विवाद की आशंका पर बुज़ुर्ग महिला की हत्या, शव नदी से बरामद

Nalanda: नालंदा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बेन थाना क्षेत्र के गुलड़िया बिगहा गांव में 70 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला तारामती देवी उर्फ अमेरिका देवी की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया। मृतका स्व. कृष्णा प्रसाद की पत्नी थीं।

ग्रामीणों की सूचना पर मृतका के भांजा विपीन कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुबह गांववालों ने नदी से शव निकालकर स्कूल प्रांगण में रखा था। पहचान के बाद मृतका की पुत्रियों को जानकारी दी गई। परिजनों का कहना है कि महिला के चेहरे और हाथ पर भारी वस्तु से वार किया गया था, जिससे स्पष्ट है कि उनकी बेरहमी से हत्या की गई।

Nalanda crime news

परिजनों ने संदेह जताया है कि हत्या की वजह संपत्ति विवाद हो सकती है। मृतका पति के निधन के बाद अधिकतर समय अपनी बेटी के घर इस्लामपुर में रहती थीं, हालांकि वे दुर्गा पाठ के सिलसिले में गांव आई हुई थीं।

घटना की सूचना मिलते ही बेन थानाध्यक्ष रवि राज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ स्थित मॉडल अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। हालांकि अब तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है और न ही किसी खास विवाद की बात सामने आई है।

फिलहाल पुलिस एसआई रंजन सिंह के नेतृत्व में मामले की गहराई से जांच कर रही है।

रिपोर्ट: मो. महमूद आलम