Newshaat_Logo

किशनगंज में इंजीनियर का शव 26 घंटे बाद बरामद, डोक नदी में दोस्तों के साथ गया था नहाने

 
किशनगंज में इंजीनियर का शव 26 घंटे बाद बरामद, डोक नदी में दोस्तों के साथ गया था नहाने

Kishanganj News: बिहार के किशनगंज जिले में लापता हुए इंजीनियर की लाश को 24 घंटे के मशक्कत के बाद बरामद कर ली गई है. पोठिया प्रखण्ड स्थित पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के सातमेरी डोक नदी घाट पर शनिवार दोपहर नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से 30 वर्षीय जूनियर इंजीनियर कुशल सुब्बा लापता हो गये थे. एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर सिंघीमारी डोक नदी घाट के पास पानी के नीचे से शव बरामद किया.

मृतक कुशल सुब्बा पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर स्थित तीस्ता कैनल में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. शनिवार की दोपहर वे अपने 9 दोस्तों के साथ पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के डोंक नदी स्थित सातमेढ़ी पुल के नीचे नहाने पहुंचे थे. नहाने के क्रम में तेज बहाव और नदी की अत्यधिक गहराई के कारण वे अपना संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में समा गए. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शनिवार शाम तक खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका था.

रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने नदी के बहाव की दिशा में दोबारा व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया. करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने सिंघीमारी घाट के पास से कुशल सुब्बा के शव को ढूंढ निकाला. घाट पर मौजूद मृतक के पिता आई कबीर, मां बिना सुब्बा और भाई कुणाल सुब्बा ने शव की पहचान की. परिजनों ने बताया कि महज 8 माह पूर्व ही कुशल की बहाली हुई थी. होनहार बेटे की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद पहाड़कट्टा थाना पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेज दिया है.