Newshaat_Logo

जमुई जिप अध्यक्ष दुलारी देवी के घर EOU की छापेमारी, बेनामी संपत्ति मामले में 24 ठिकानों पर एक साथ

 
Bihar

 

बिहार के जमुई और शेखपुरा जिलों में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आज 28 जुलाई 2026 को जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के पति और बाहुबली नेता गुड्डू यादव (गुड्डू राय) से जुड़े 24 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और बेनामी संपत्ति के मामलों की जांच के सिलसिले में की गई है. पटना से भारी सुरक्षा बलों और विशेष टीमों के साथ पहुंची EOU और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने अहले सुबह यह कार्रवाई शुरू की.

Bihar

जमुई में बेनामी संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और उनके पति गुड्डू यादव के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है. टीम ने जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी, उनके पति गुड्डू यादव तथा उनके चार-पांच करीबी लोगों के करीब 24 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की. कार्रवाई को लेकर पूरे जिले में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

ईओयू की टीम खैरा थाना क्षेत्र के डमरकोला गांव स्थित गुड्डू यादव के ससुराल, जिला मुख्यालय स्थित उनके आवास तथा जिला परिषद आवास सहित अन्य स्थानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही है. टीम संबंधित अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल में जुटी हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कथित बेनामी संपत्ति की जांच के सिलसिले में की जा रही है. हालांकि छापेमारी को लेकर आर्थिक अपराध इकाई की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जांच के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई है. अधिकारियों की ओर से कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है. वैसे परिसरों में रखे गए संपत्ति के कागजात, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है.