Newshaat_Logo

बिहार-यूपी बॉर्डर पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: 83 पेटी कोडीन सिरप जब्त, ट्रक चालक गिरफ्तार

 
बिहार-यूपी बॉर्डर पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: 83 पेटी कोडीन सिरप जब्त, ट्रक चालक गिरफ्तार

 

Bettiah News: बिहार में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत उत्तर प्रदेश सीमा से सटे धनहा चेक पोस्ट पर विशेष जांच अभियान के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उत्पाद विभाग की टीम ने उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक 10 चक्का ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 83 पेटी कोडीन सिरप बरामद हुई। जब्त सिरप की कुल मात्रा 996 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

मामले में गिरफ्तार चालक की पहचान चंचल सिंह, पिता लालबाकाश सिंह, निवासी मिल एरिया थाना, रायबरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग चालक से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटा है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ है।

उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि बिहार में शराबबंदी के बाद कुछ तस्कर नशे के विकल्प के रूप में कोडीन सिरप की तस्करी कर रहे हैं। नशे के आदी लोगों के बीच इसकी बढ़ती मांग को देखते हुए ऐसे गिरोह सक्रिय हैं, जिन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रहा है।